रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में महिला के पेट से निकाला 8 किलो का ट्यूमर
OM Darpan
Sep 08, 2026 03:54 am
354 views
08 Sep 2026
रायगढ़। लखीराम अग्रवाल स्मृति मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने 46 वर्षीय महिला के पेट से 8 किलो का विशाल ट्यूमर निकालकर उसे नई जिंदगी दी। झलमला निवासी चंपा यादव के पेट में फुटबॉल के आकार की गांठ थी, जिससे उनकी किडनी और लिवर पर बुरा असर पड़ रहा था।
चंपा यादव पिछले एक महीने से पेट दर्द, सूजन और उल्टी से परेशान थीं। 22 अगस्त को उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां जांच में पता चला कि उनका हीमोग्लोबिन मात्र 7.5 g/dL रह गया है।
सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि 24.2 x 23.1 x 17 सेंटीमीटर की इस विशाल गांठ के दबाव से गर्भाशय विस्थापित हो गया था। गांठ ने बायीं मूत्रवाहिनी को दबा दिया था, जिससे किडनी और लिवर के पैरामीटर्स बिगड़ रहे थे।
आंतों से गहराई तक चिपकी थी गांठ
डॉक्टरों ने पहले मरीज को स्थिर करने के लिए कई यूनिट ब्लड और एंटीबायोटिक्स दिए। 1 सितंबर को जनरल एनेस्थीसिया के तहत 'एक्सप्लोरेटरी लेपरोटॉमी' सर्जरी शुरू की गई। ट्यूमर आंतों से बेहद गहराई तक चिपका हुआ था, जिसे अलग करना बड़ी चुनौती थी। स्त्री रोग, जनरल सर्जरी और निश्चेतना विभाग की संयुक्त टीम ने सावधानी से आंतों के जुड़ाव को काटा। दोनों मूत्रवाहिनियों को सुरक्षित बचाते हुए गर्भाशय और 8 किलो के ट्यूमर को शरीर से बाहर निकाला गया।रिकवरी रूम में शिफ्ट की गई मरीज
सफल ऑपरेशन के बाद चंपा यादव को रिकवरी रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। फिलहाल उन्हें आईवी फ्लूइड्स और दवाएं दी जा रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अब स्थिर है और वे स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं।जरूरी खबरें
विज्ञापन