राष्ट्रपति से मिलकर लौटे छात्रों से मिले मुख्यमंत्री
OM Darpan
Sep 02, 2026 07:07 pm
716 views
02 Sep 2026
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट कर लौटे प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति भवन की यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए संवाद के अनुभव सुनाए।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को इस अवसर के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना गौरव की बात है। प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से राज्य का मान बढ़ाया है।
विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने उनसे सहजता के साथ बातचीत की और उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली।
विशेष छात्र नुकेश को बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के इन विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन बुलाया गया था। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (विशेष आवश्यकता वाले बच्चे) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। यह पल वहां मौजूद सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।राष्ट्रपति भवन में सुवा नृत्य की गूंज
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी। राष्ट्रपति ने इस प्रस्तुति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी जब लोक संस्कृति को आत्मसात कर बड़े मंचों पर ले जाती है, तो परंपराओं को नई ऊर्जा मिलती है।नारायणपुर से सुकमा तक के छात्र रहे शामिल
राष्ट्रपति से भेंट करने वालों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा, महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे। इस दौरान राज्य नोडल अधिकारी डॉ. मुक्ति बैस और व्याख्याता चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित रहे।जरूरी खबरें
विज्ञापन