23 सितम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

महासमुंद में बोले उप मुख्यमंत्री अरुण साव- विकास कार्यों की गुणवत्ता में न हो लापरवाही, जून 2027 तक हर घर जल का लक्ष्य का करें पूरा

शेयर करें

OM Darpan

Aug 23, 2026 02:51 am 749 views
महासमुंद में बोले उप मुख्यमंत्री अरुण साव- विकास कार्यों की गुणवत्ता में न हो लापरवाही, जून 2027 तक हर घर जल का लक्ष्य का करें पूरा
 
  • उप मुख्यमंत्री ने की लोक निर्माण, पीएचई और नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दी हिदायत

✍️ विशेष संवाददाता महासमुंद | उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज शाम महासमुंद कलेक्ट्रेट में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और खेलकूद एवं कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, योजनाओं के क्रियान्वयन और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साव ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।

सड़कों की मरम्मत के लिए अनुविभागीय अधिकारी होंगे सीधे जिम्मेदार

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने जिले में सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क एवं अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का सीधा प्रभाव आम लोगों के आवागमन पर पड़ता है, इसलिए निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साव ने अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर कार्य करने और आधुनिक तकनीक व उपकरणों की मदद लेने की सलाह दी। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे।

पेयजल योजनाओं और जल स्रोतों की उपलब्धता पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था और जलापूर्ति से संबंधित योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साव ने कहा कि ग्राम पंचायतों को योजनाएं हैंडओवर करने के बाद सचिवों और सरपंचों की बैठक लेकर उन्हें संचालन की जानकारी दी जाए और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए। उन्होंने जून-2027 तक हर घर जल का लक्ष्य पूर्ण करने और बंद पड़े ट्यूबवेल्स को तुरंत चालू करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास और स्वच्छता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान साव ने नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता, सड़क एवं नाली निर्माण की जानकारी ली। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहरों के व्यवस्थित विकास पर ध्यान देने को कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो और स्वच्छता व जन सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने 15वें वित्त के कार्यों और नालंदा परिसर के लक्ष्यों को पूर्ण करने के साथ ही अगले 5 वर्षों की कार्ययोजना बनाने, प्रधानमंत्री आवास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

प्राथमिक शालाओं से ही तैयार करें स्थानीय खिलाड़ी

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक शालाओं से ही खिलाड़ी तैयार किए जाएं ताकि प्रत्येक बच्चा मैदान तक पहुंचे और खेलों में शामिल रहे। साव ने उपलब्ध खेल संसाधनों के बेहतर उपयोग और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।   उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने को कहा। उन्होंने पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जल जीवन मिशन के अतिरिक्त मिशन संचालक ओंकेश चंद्रवंशी, लोक निर्माण विभाग के सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता पी.एम. कश्यप और विद्युत एवं यांत्रिकी के मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम सहित चारों विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।  

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
260923152343582

विज्ञापन

Advertisement