15 दिन में मिली 78 हजार की सब्सिडी और जीरो हो गया घर का बिजली बिल
OM Darpan
बेमेतरा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखने लगा है। बेमेतरा के एक परिवार ने अपनी छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया और उनका भारी-भरकम बिजली बिल अब शून्य हो गया है। सबसे खास बात यह रही कि आवेदन के महज 15 दिनों के भीतर उनके खाते में 78 हजार रुपये की सब्सिडी भी आ गई। केंद्र और राज्य सरकार की इस संयुक्त मदद से अब इस परिवार का मासिक बजट पूरी तरह से संवर गया है।
एसी और मोटर चलने पर भी बिल की नो टेंशन
शहर के रहने वाले बीरेन्द्र राजपूत ने अपनी पत्नी द्रौपती के नाम पर यह रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाया है। बीरेन्द्र बताते हैं कि उनके घर में 1 हॉर्स पावर की पानी की मोटर, एयर कंडीशनर और कई अन्य भारी उपकरण रोज चलते हैं। पहले गर्मी के मौसम में बिजली बिल चुकाने में ही अच्छी-खासी रकम चली जाती थी। अब दिन में सोलर पैनल से बनने वाली बिजली से सारे उपकरण चलते हैं। नेट मीटरिंग व्यवस्था के कारण अतिरिक्त बिजली वापस ग्रिड में चली जाती है, जिससे महीने का बिल या तो शून्य आता है या ना के बराबर।
दोहरे अनुदान का मिल रहा सीधा फायदा
इस योजना के तहत प्लांट लगवाना अब काफी आसान और किफायती हो गया है। बीरेन्द्र ने बताया कि प्लांट लगने के मात्र 15 दिन के अंदर ही 78 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में आ गई। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार केंद्र के साथ मिलकर उपभोक्ताओं को अतिरिक्त अनुदान दे रही है, जिससे आम लोगों को इस योजना में दोहरा फायदा मिल रहा है और प्लांट लगाने का वित्तीय बोझ काफी कम हो गया है।
बचत के पैसों से संवर रहा बच्चों का भविष्य
लंबे समय तक फायदा देने वाले इस सोलर पैनल ने परिवार को बड़ी आर्थिक राहत दी है। बीरेन्द्र कहते हैं कि पहले जो पैसे बिजली बिल के लिए अलग निकालकर रखने पड़ते थे, वे अब बच्चों की पढ़ाई और घर की अन्य जरूरतों पर खर्च हो रहे हैं। बिजली कटौती की समस्या दूर होने से बच्चों की पढ़ाई में भी अब कोई बाधा नहीं आती। बीरेन्द्र राजपूत ने इस योजना से जीवन में आए इस बड़े बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है। ऊर्जा आत्मनिर्भरता की यह पहल अब पर्यावरण को बचाने के साथ-साथ आम आदमी की जेब भी बचा रही है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन