सेवा संकल्प अभियान: बलरामपुर के 450 स्कूलों के 32 हजार से अधिक बच्चों ने गढ़ा 'मेरे सपनों का भारत'
OM Darpan
वाड्रफनगर, शंकरगढ़ और राजपुर में भाषण, खेल और चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा; सामाजिक समरसता के लिए हुआ न्योता भोज
✍️ संवाददाता
बलरामपुर। बलरामपुर जिले में विद्यार्थियों तक सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न रचनात्मक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं। विकासखंड वाड्रफनगर के 52 संकुलों के लगभग 450 विद्यालयों में हुए कार्यक्रमों में 32 हजार 706 विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
वाड्रफनगर में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रकला, मेंहदी, वाद-विवाद और कबड्डी के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। बच्चों ने सशक्त, समृद्ध, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत पर अपने विचार साझा किए। कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना देखने को मिली। वहीं, मेंहदी और चित्रों के जरिए उन्होंने विकसित भारत की अपनी कल्पना को कैनवास पर उतारा।
चित्रकला प्रदर्शनी और न्योता भोज का आयोजन
संकुल केंद्र फुलीडूमर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में चित्रकला प्रतियोगिता हुई, जिसमें स्वच्छ और विकसित भारत की परिकल्पना को रंगों से सजाया गया। इसी तरह विकासखंड शंकरगढ़ के शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूलों में भाषण और चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित हुई। सेजेस राजपुर में भी चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पर संदेश उकेरे।
अभियान के दौरान वाड्रफनगर के विद्यालयों में ‘न्योता भोज’ का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर पौष्टिक भोजन किया, जिसका उद्देश्य सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है। शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने इस दौरान स्वच्छता व अनुशासन का विशेष ध्यान रखा। इन गतिविधियों ने नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की कल्पना साझा करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया है।
इन कार्यक्रमों में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सदस्य, जनपद सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जरूरी खबरें
विज्ञापन