कवर्धा: लोहारीडीह आगजनी केस के विरोध में कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन
OM Darpan
Oct 22, 2024 09:03 am
211 views
22 Oct 2024
[smartslider3 slider=6]
कवर्धा।
कवर्धा के लोहारीडीह आगजनी केस के विरोध में आज कांग्रेस ने जंगी प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रदर्शन में पीसीसी चीफ दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। कांग्रेस ने मांग की कि पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही दोषी पुलिस अफसरों को बर्खास्त करने की भी मांग की। प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता सुबह से ही गांधी मैदान में इकट्ठा होने लगे। कांग्रेस के विधायक भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोहारीडीह पहुंचे। प्रदर्शन का नेतृत्व खुद भूपेश बघेल और दीपक बैज ने किया। इस प्रदर्शन में मृतक शिव प्रसाद साहू के परिवार वाले भी शामिल हुए। गांधी मैदान से विधायक कार्यालय तक घेराव प्रदर्शन और भाषण के बाद कार्यकर्ता अपने नेताओं के निर्देश पर विधायक कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले। पुलिस ने पहले से ही उनको रोकने के लिए दो बैरिकेड लगा रखे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों बैरिकेड तोड़ दिए और आगे बढ़ने लगे। तीसरे बैरिकेड पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अंत में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता अपनी पांच सूत्री मांगों को सौंपकर वहां से चले गए। भूपेश बघेल का कानून व्यवस्था पर निशाना भूपेश बघेल ने कहा कि प्रशांत साहू की मौत पर न तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध है और न ही रोजनामचा की कोई जानकारी दी गई है। उन्होंने पूरे मामले को दबाने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा मिलनी चाहिए और आरोप लगाया कि पुलिस और बीजेपी के लोग पीड़ित परिवार को धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर डीजी को पत्र लिखने और न्याय की मांग करने का ऐलान किया। बघेल ने कहा कि जो लोग घटनास्थल पर नहीं थे उन्हें भी जेल में डाल दिया गया है, जिससे लोग परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट की देखरेख में होनी चाहिए। दीपक बैज का बीजेपी सरकार पर हमला पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि पूरा कवर्धा आज जल रहा है और लोहारीडीह की घटना सरकार की बड़ी नाकामी को दर्शाती है। पूरे छत्तीसगढ़ के लोग सरकार से नाराज हैं। मृतक शिव प्रसाद साहू के परिवार वाले न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। पुलिस ने पहले घटना को लेकर लोगों को गुमराह किया और हत्या को आत्महत्या बताया। परिवार की बातों को नजरअंदाज किया गया। जब मध्य प्रदेश की पुलिस ने सच सामने लाया तो पुलिस अपनी नाकामी छिपाने में जुट गई। अब भी पुलिस पीड़ित परिवार को धमकाने का काम कर रही है। गृहमंत्री विजय शर्मा का कांग्रेस पर पलटवार गृहमंत्री विजय शर्मा ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल, जो कि पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं, ऐसी घटिया राजनीति में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले पूरे मामले की जानकारी लेनी चाहिए और फिर बयान देना चाहिए। शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस दोनों पक्षों के बीच शांति को भंग करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लोहारीडीह के दोनों पक्ष गांव में शांति से रहना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस राजनीति कर आग लगाने का काम कर रही है। कांग्रेस की सरकार के वक्त से चल रहा विवाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के वक्त जब मोहम्मद अकबर मंत्री थे, तब कांग्रेस और बीजेपी देखकर काम किया जाता था। उन्होंने कहा कि उस वक्त से ही यह विवाद चल रहा है। अगर कांग्रेस ने उस समय विवाद खत्म करा दिया होता, तो आज यह स्थिति नहीं आती।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन