बैगामार में सर्पदंश से युवक की दर्दनाक मौत, सांप को चिता के साथ जलाया
OM Darpan
कोरबा (सत्यानंद सोई)
छत्तीसगढ़ के ग्राम बैगामार में एक हृदयविदारक घटना के तहत 22 वर्षीय डिगेश्वर राठिया की सर्पदंश से मृत्यु हो गई। शनिवार की रात मनसा राम राठिया के परिवार में यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे थे, जिनमें डिगेश्वर सबसे बड़ा था। रात को भोजन के बाद डिगेश्वर, मच्छरदानी लगाकर खाट पर सोने चला गया।
अचानक एक जहरीला करैत सांप मच्छरदानी के भीतर घुस गया और उसने डिगेश्वर के पैर पर काट लिया। यह देखते ही उसने तुरंत परिवार को इस बारे में बताया। उसे तुरंत इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद, रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
इस घटना ने गांव के लोगों में काफी गुस्सा और डर भर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने उस सांप को पकड़कर टोकरी में बंद कर दिया। उन्होंने शांति और सुरक्षा की कामना करते हुए, शव यात्रा के साथ सांप को भी शमशान ले जाकर उसे डिगेश्वर की चिता में जिंदा जला दिया। ग्रामीणों का कहना था कि सांप के जिंदा रहते डर का माहौल बना रहता, जिससे कोई और भी शिकार हो सकता था।
डिगेश्वर की मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। उसके पिता मनसा राम का कहना है कि डिगेश्वर घर का बड़ा सहारा था और पढ़ाई के साथ-साथ खेती में भी उनका सहयोग करता था। इस दुखद हादसे के चलते परिवार के लोग और करीबी रिश्तेदार सदमे में हैं। इस मामले पर जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने आगे की कार्रवाई के लिए मृतक के परिवार वालों का बयान दर्ज कर लिया है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन
