देश में 20 लाख होगी एनसीसी कैडेटों की संख्या- रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ
OM Darpan

गुवाहाटी
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुवार को असम के गुवाहाटी में एनसीसी के विस्तार और मजबूती को लेकर एक अहम बैठक की। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) द्वारा आयोजित इस विशेष संयुक्त सम्मेलन में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के विजन के तहत एनसीसी कैडेटों की मौजूदा क्षमता 17 लाख से बढ़ाकर 20 लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने पूर्वोत्तर क्षेत्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
महिला सशक्तिकरण और 'राष्ट्र-प्रथम' की भावना
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री ने गणतंत्र दिवस शिविर में पूर्वोत्तर राज्यों के कैडेटों, खासकर महिला कैडेटों की बढ़ती हिस्सेदारी की जमकर तारीफ की। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। सेठ ने कहा कि एनसीसी युवाओं को आत्म-विश्वासी और अनुशासित बनाने वाला आंदोलन है। उन्होंने युवाओं में 'राष्ट्र-प्रथम' की भावना जगाने और उन्हें इसके लिए प्रेरित करने की जरूरत पर बल दिया।
नौ राज्यों से मांगा व्यावहारिक एक्शन-प्लान
इस उच्च-स्तरीय बैठक में राज्य सरकारों और एनसीसी के बीच तालमेल बेहतर करने पर मंथन हुआ। सेठ ने सम्मेलन में मौजूद सभी नौ राज्यों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे एनसीसी के विस्तार के लिए ऐसी योजनाएं बनाएं, जिन्हें जमीन पर आसानी से लागू किया जा सके। उन्होंने कैडेटों के लिए बेहतर ट्रेनिंग सुविधाओं और मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
पूर्वोत्तर और बंगाल-सिक्किम में एनसीसी का मजबूत नेटवर्क
एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में बताया गया कि पूर्वोत्तर के सात राज्यों (अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा) के 1,645 शिक्षण संस्थानों में लगभग 1.25 लाख कैडेट सक्रिय हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के 1,326 संस्थानों में भी करीब 1.25 लाख कैडेट एनसीसी का हिस्सा हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में रक्षा मंत्रालय की अपर सचिव दीप्ति मोहिल चावला के साथ-साथ सभी नौ राज्यों के मंत्री, सैन्य अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन