मोदी दोस्त, पर व्यापार नहीं! ट्रंप ने भारत पर लगाया 25% टैरिफ
OM Darpan
Jul 31, 2025 09:57 am
228 views
31 Jul 2025
• अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ और जुर्माना लगाने की घोषणा की।
• भारत सरकार ने ट्रंप के बयान का अध्ययन करने और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की बात कही
• ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद कई बार 'टैरिफ बम' की धमकी दी थी।
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ और जुर्माना लगाने की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के बाद व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनका बयान सामने आया। ट्रंप ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे मित्र हैं, लेकिन व्यापार के लिहाज से वे हमारे साथ बहुत ज्यादा व्यापार नहीं करते।" ट्रंप ने भारत को उन देशों में से एक बताया जो अमेरिका पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगाते हैं, कुछ मामलों में यह 100% से भी ज्यादा और यहां तक कि 175% तक पहुंच जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल अमेरिका भारत से बातचीत कर रहा है और अगर कोई डील नहीं होती है, तो टैरिफ के जरिए अमेरिका में पैसा आएगा।BRICS और रूस कनेक्शन पर ट्रंप की नाराजगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने भारत के BRICS समूह का हिस्सा होने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने BRICS को "अमेरिका विरोधी" गठबंधन बताया और कहा कि यह "डॉलर पर हमला" है, जिसे अमेरिका बर्दाश्त नहीं करेगा। ट्रंप ने भारत के इस समूह का हिस्सा होने को "चिंताजनक" बताया। इससे पहले, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि "याद रखें, भारत हमारा दोस्त है। लेकिन हमने उनके साथ ज्यादा व्यापार नहीं किया, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ऊंचे हैं। इसके अलावा, भारत ज्यादातर सैन्य उपकरण रूस से खरीदता है और रूस से ऊर्जा का सबसे बड़ा खरीदार है। जब दुनिया चाहती है कि रूस, यूक्रेन में हत्या बंद करे। जिसमें भारत का ये रुख सही नहीं है। इसलिए भारत को 25% टैरिफ और पेनल्टी देनी होगी।"भारत का कड़ा जवाब: राष्ट्रीय हित सर्वोपरि
ट्रंप की घोषणा के कुछ घंटों बाद भारत सरकार ने भी जवाब दिया। सरकार की ओर से कहा गया है कि वह वॉशिंगटन डीसी के साथ व्यापार वार्ता जारी रखते हुए किसानों, उद्यमियों और MSME के हितों की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाएगी। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह देशहित से कोई समझौता नहीं करेगा और ट्रंप के भारतीय आयातों पर 25% टैरिफ के प्रभावों का अध्ययन कर रहा है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने द्विपक्षीय व्यापार पर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर ध्यान दिया है और वह इसके प्रभावों का अध्ययन कर रही है। भारत सरकार अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी, जैसा कि ब्रिटेन के साथ व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (Free Trade Deal) सहित अन्य व्यापार समझौतों के मामले में किया गया है।ट्रंप का 'टैरिफ बम' पुराना खेल
यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ लगाने की धमकी दी हो। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद 20-21 नवंबर 2024 को 'अमेरिका को पहले रखने' की बात कहते हुए पहली बार टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। ट्रंप ने अपने बयान के 253 दिन बाद भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। चुनाव जीतने के बाद से ट्रंप 30 से ज्यादा बार 'टैरिफ बम' की धमकी दे चुके हैं। उन्होंने पहली बार 4 मार्च को भारत पर 25% टैक्स लगाने की बात कही थी, वहीं 23 मई को अमेरिकी टेक कंपनी Apple को धमकी देते हुए कहा था कि अगर वह अमेरिका के बजाय भारत में iPhone बनाती है तो उस पर 25% का टैक्स लगा दिया जाएगा।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन