रायपुर कोर्ट से NDPS का आरोपी फरार: हथकड़ी सरकाकर भागा तस्कर, पुलिस महकमे में हड़कंप
OM Darpan
- पेशी के लिए लाया गया था आरोपी, सिविल लाइन थाने में केस दर्ज
रायपुर.
राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी खामी उजागर हुई। पुलिस अभिरक्षा में पेशी के लिए लाया गया एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थ तस्करी) का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने बड़ी चालाकी से हाथ से हथकड़ी सरकाई और सुरक्षा में तैनात प्रधान आरक्षक को धक्का देकर भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकला। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पेशी के दौरान दिया चकमा
जानकारी के मुताबिक, रक्षित केंद्र रायपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक जयदेव सोम और जहांगीर खान कुल पांच आरोपियों को पेशी के लिए लेकर कोर्ट पहुंचे थे। जहांगीर खान तीन आरोपियों को लेकर न्यायालय कक्ष की ओर गए थे, जबकि दो आरोपी जयदेव सोम की निगरानी में थे। इन्हीं में से एक आरोपी आशीष राजावत (26), निवासी भिंड (मप्र) था, जिसे राजिम थाने (जिला गरियाबंद) के अपराध क्रमांक 389/25, धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस पंकज सिन्हा की अदालत में पेश किया जाना था।
शाम करीब 3:55 बजे का वक्त था। आरोपी आशीष के हाथों में हथकड़ी लगी हुई थी। उसने मौका पाते ही चालाकी से अपनी कलाई से हथकड़ी सरका ली। इससे पहले कि प्रधान आरक्षक जयदेव कुछ समझ पाते, आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दिया और कोर्ट परिसर से बाहर घड़ी चौक की दिशा में दौड़ लगा दी। पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर ओझल हो गया। घटना की सूचना तुरंत साथी पुलिसकर्मी और कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद पूरे परिसर में अलर्ट जारी किया गया।
सुरक्षा पर सवाल, एफआईआर दर्ज
गंभीर अपराध के आरोपी का कोर्ट परिसर से भागना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्र.आर. जयदेव सोम के आवेदन पर आरोपी आशीष राजावत के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 262 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में रायपुर के संभावित ठिकानों के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस लापरवाही के लिए विभागीय स्तर पर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन