मायावती ने संभाली 2027 की कमान, बसपा ने तय किए 100 से ज्यादा उम्मीदवार
OM Darpan
लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव की सरगर्मी अभी से तेज हो गई है। अन्य राजनीतिक दलों की सुगबुगाहट के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बाकी दलों को पछाड़ते हुए काफी पहले ही अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी ने राज्य की 100 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम अंदरूनी तौर पर तय कर लिए हैं, जबकि 15 नवंबर तक करीब 250 सीटों पर उम्मीदवार फाइनल करने की ताबड़तोड़ तैयारी चल रही है।
घर से परखा जा रहा हुनर
चुनावी मैदान में सही उम्मीदवार उतारने के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। सूत्रों की मानें तो मायावती अपने लखनऊ स्थित आवास पर लगातार दावेदारों से एक-एक कर मुलाकात कर रही हैं। प्रत्याशी की जमीनी पकड़, निष्ठा और जीतने की क्षमता को बारीकी से परखने के बाद ही उन्हें हरी झंडी दी जा रही है। जिसके बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर उनके नामों पर मुहर लगाई जा रही है। हालांकि, रणनीतिक रणनीति के तहत इन नामों की कोई औपचारिक सूची सार्वजनिक नहीं की गई है।
मैदान में उतरे दिग्गज
पार्टी कैडर को नए सिरे से लामबंद करने के लिए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल पूरे राज्य में लगातार दौरे कर रहे हैं। हाल ही में 27 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों का तूफानी दौरा करने के बाद उन्होंने लखनऊ में भी कई महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठकें की हैं।
आकाश आनंद संभालेंगे प्रचार की कमान
आगामी दिनों में बसपा के प्रचार अभियान में और तेजी आने वाली है। मायावती से अंतिम मंजूरी मिलते ही पार्टी के युवा चेहरा आकाश आनंद एक बार फिर पूरे प्रदेश में बसपा के प्रचार अभियान की मुख्य कमान संभालते नजर आएंगे। बसपा की इस शुरुआती आक्रामकता ने विरोधी खेमों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन