महादेव सट्टा एप मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित 7 पुलिस अधिकारी घेरे में
OM Darpan
रायपुर/भिलाई/दुर्ग।
महादेव सट्टा एप मामले में बुधवार को सीबीआई ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर राजनीतिक और पुलिस महकमे में खलबली मचा दी। रायपुर, भिलाई और दुर्ग सहित 50 से अधिक ठिकानों पर की गई इस कार्रवाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके दो ओएसडी, सौम्या चौरसिया, विधायक देवेंद्र यादव, केपीएस स्कूल के संचालक निशांत त्रिपाठी और चार आईपीएस अधिकारियों सहित कुल सात पुलिस अधिकारी जांच के घेरे में हैं।
सीबीआई की टीमें बुधवार तड़के रायपुर से रवाना हुईं। एक टीम भूपेश बघेल के रायपुर स्थित आवास पर पहुंची, तो वहीं विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर-5 स्थित बंगले, आईपीएस अभिषेक पल्लव के सेक्टर-9 स्थित निवास और महादेव सट्टा एप में संलिप्त रहे सिपाही नकुल व सहदेव के नेहरू नगर स्थित घरों पर भी कार्रवाई की गई।
IPS पल्लव को रोका गया, माहेश्वरी का घर सील
भिलाई में तैनात आईपीएस अभिषेक पल्लव ड्यूटी के लिए निकलने ही वाले थे कि सीबीआई टीम ने उन्हें घर में ही रोक लिया और पूछताछ शुरू कर दी। वहीं आईपीएस अभिषेक माहेश्वरी के रायपुर स्थित घर पर टीम ने दबिश दी, लेकिन वे घर पर मौजूद नहीं थे। टीम ने घर को सील कर दिया।
पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर के घर ताला तोड़कर घुसी टीम
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी मनीष बंछोर के भिलाई-3 स्थित घर में सीबीआई की टीम ने जब दरवाजा बंद पाया तो ताला तोड़कर अंदर घुसी। बंछोर इस समय अपने परिवार सहित बाहर घूमने गए हुए हैं। यहां जांच अभी भी जारी है।
विरोध में उतरी देवेंद्र यादव की मां
विधायक देवेंद्र यादव इस समय दिल्ली में हैं, लेकिन भिलाई में स्थित उनके आवास पर सीबीआई टीम जब पहुंची, तो उनकी मां ने विरोध जताया और करीब एक घंटे तक टीम को अंदर नहीं जाने दिया। समझाइश के बाद जांच शुरू हो सकी।
समर्थकों की भीड़, माहौल तनावपूर्ण
भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित पदुम नगर के आवास और देवेंद्र यादव के सेक्टर-5 स्थित निवास के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जुटने लगे हैं। वहीं पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि माहौल शांत बना रहे।
CBI की दबिश में जिनके नाम सामने आए:
-
भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री
-
सौम्या चौरसिया, पूर्व उप सचिव
-
देवेंद्र यादव, विधायक
-
निशांत त्रिपाठी, केपीएस स्कूल संचालक
-
मनीष बंछोर, पूर्व ओएसडी
-
आनंद छाबड़ा, आईपीएस
-
अभिषेक पल्लव, आईपीएस
-
आरिफ शेख, आईपीएस
-
प्रशांत अग्रवाल, आईपीएस
-
संजय ध्रुव, पुलिस अधिकारी
-
नकुल, सिपाही
-
सहदेव, सिपाही
जरूरी खबरें
विज्ञापन