सूरजपुर के सुशील को मिली सेवा सेतु की संजीवनी, बेटी अनीता का समय पर बना आय प्रमाण पत्र
OM Darpan
Jul 27, 2026 12:29 am
472 views
27 Jul 2026
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु योजना प्रदेश में नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से आय, जाति और निवास सहित विभिन्न आवश्यक प्रमाण पत्रों को हासिल करना अब पहले की तुलना में कहीं अधिक सहज हो गया है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों की खाक नहीं छाननी पड़ रही है।
कमलपुर के सुशील सिंह की खत्म हुई भागदौड़
सूरजपुर जिले के ग्राम कमलपुर निवासी सुशील सिंह इस योजना के लाभ का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। सुशील सिंह को अपनी पुत्री अनीता सिंह के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया और उनका काम बिना किसी बाधा के निर्धारित समय सीमा में पूरा हो गया। पहले इसी काम के लिए उन्हें कई बार तहसील और अन्य कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।बेटी अनीता की पढ़ाई की राह हुई आसान
सुशील सिंह ने बताया कि समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से उनकी पुत्री अनीता सिंह के शैक्षणिक और अन्य शासकीय कार्यों में अब कोई अड़चन नहीं आएगी। सेवा सेतु योजना ने ग्रामीण नागरिकों की सरकारी सेवाओं तक पहुंच को न केवल आसान बनाया है, बल्कि व्यवस्था में लोगों का भरोसा भी बढ़ाया है। प्रदेश सरकार की यह पहल सुशासन और नागरिक सुविधा को मजबूत करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम मानी जा रही है।जरूरी खबरें
विज्ञापन