अहमदाबाद/बेंगलुरु (ओम दर्पण न्यूज़)।
लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने का गौरव हासिल करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इस बार अपनी खिताबी जीत के बाद बड़ा फैसला लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराकर आरसीबी ने भले ही ट्रॉफी अपने नाम कर ली हो, लेकिन फ्रेंचाइजी ने तय किया है कि इस बार बेंगलुरु में आरसीबी विजय परेड नहीं निकाली जाएगी। यह अहम फैसला पिछले साल हुए एक दर्दनाक हादसे और राज्य में होने वाले एक बड़े राजनीतिक कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लिया गया है।
पिछले साल की भगदड़ से लिया सबक
फ्रेंचाइजी और प्रबंधन किसी भी कीमत पर फैंस की भारी भीड़ एक जगह इकट्ठा होने से रोकना चाहते हैं। मालूम हो कि 4 जून 2025 को आयोजित पिछली आरसीबी विजय परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भारी भगदड़ मच गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 11 फैंस ने अपनी जान गंवा दी थी। इस घटना के बाद लोगों का भारी गुस्सा फूट पड़ा था और राज्य सरकार को जांच के सख्त आदेश देने पड़े थे। इसी घटना से सबक लेते हुए इस बार सार्वजनिक जश्न से तौबा की गई है।
मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण और सुरक्षा का दबाव
विजय जुलूस रद्द होने का दूसरा सबसे बड़ा कारण राजनीतिक है। 3 जून को कर्नाटक में मुख्यमंत्री के तौर पर डीके शिवकुमार शपथ लेने वाले हैं। शपथ ग्रहण का यह भव्य कार्यक्रम शाम 4:10 बजे लोक भवन में शुरू होगा, जो चिन्नास्वामी स्टेडियम के बेहद करीब है। इस समारोह में राज्य भर से भारी भीड़ और कई दिग्गजों के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की भारी तैनाती इसी कार्यक्रम में होगी। राज्य पुलिस विभाग के लिए एक ही समय में एक और ‘हाई-वोल्टेज’ कार्यक्रम (जैसे विजय परेड) के लिए सुरक्षा मुहैया कराना लगभग नामुमकिन था, जिसे देखते हुए प्रबंधन ने आरसीबी विजय परेड न करने का फैसला किया।
पुलिस की सख्त एडवाइजरी: ‘बंद कमरे में मनाएं जश्न’
बेंगलुरु पुलिस ने भी शुक्रवार को ही एक एडवाइजरी जारी कर जनता से स्पष्ट अपील की थी। बंगलूरू पुलिस आयुक्त सीमांथ कुमार सिंह ने कड़े शब्दों में कहा, “हम किसी भी तरह के सार्वजनिक जश्न की अनुमति नहीं देंगे। अगर कोई जश्न मनाना चाहता है तो वह बंद दरवाजे में ऐसा कर सकता है।” पुलिस ने प्रशंसकों से पटाखे फोड़ने, सड़क पर जश्न मनाने और किसी भी तरह की अशांति फैलाने से बचने को कहा है।
आरसीबी के एक सूत्र ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “बेंगलुरु में किसी भी प्रकार की गतिविधियां होने की संभावना बहुत कम है। कुछ दिशानिर्देश लागू हैं और हमें उनका कड़ाई से पालन करना होगा। हमने प्रशंसकों को सलाह जारी कर उनसे सड़कों पर सार्वजनिक रूप से जश्न न मनाने और विशेष रूप से शांति और सुरक्षा को भंग न करने का अनुरोध किया है।”
खिलाड़ियों की रवानगी शुरू
जश्न रद्द होने के साथ ही खिलाड़ी अपने आगामी दौरों के लिए निकल रहे हैं। आरसीबी के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए मुल्लांपुर में भारतीय टेस्ट टीम के साथ जुड़ेंगे। वहीं, विदेशी खिलाड़ी जोश हेजलवुड, टिम डेविड, जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीम की प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए स्वदेश लौटेंगे।









