Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

सफाई पर सख्ती: गंदगी फैलाने और डस्टबिन न रखने वालों पर निगम का एक्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • स्वास्थ्य विभाग का सभी जोन में सघन अभियान

  • 67 लोगों पर हुई कार्रवाई

  •  जोन-5 में वसूला गया सबसे ज्यादा जुर्माना

रायपुर.

शहर में बढ़ती गंदगी और दुकानों में डस्टबिन न रखने की लापरवाही पर नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। निगम के स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को जनहित में व्यापक सघन अभियान चलाते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी। इस दौरान गंदगी फैलाने वालों और डस्टबिन न रखने वाले दुकानदारों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 37,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के नेतृत्व में यह कार्रवाई सभी जोनों में एक साथ की गई। टीम ने मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वालों को भविष्य के लिए चेतावनी भी दी।

63 जगहों पर गंदगी, 4 दुकानों में डस्टबिन नदारद

निगम के अमले ने शहर भर में कुल 63 स्थानों पर गंदगी पाई, जिनसे 36,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, निरीक्षण के दौरान 4 दुकानदार ऐसे मिले जिन्होंने अपनी दुकानों में डस्टबिन नहीं रखा था। इन दुकानदारों से 1,300 रुपये का जुर्माना लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल राजस्व वसूली नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

जोन-5 में सबसे बड़ी कार्रवाई

कार्रवाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो जोन-5 में सबसे अधिक जुर्माना राशि वसूली गई।

  • जोन 1: 2 लोगों से 1,000 रुपये।

  • जोन 2: 14 लोगों से 7,300 रुपये।

  • जोन 3: 1 व्यक्ति से 500 रुपये।

  • जोन 4: 10 लोगों से 4,800 रुपये।

  • जोन 5: 6 लोगों से 13,000 रुपये (सर्वाधिक राशि)।

  • जोन 6: 4 लोगों से 4,400 रुपये।

  • जोन 8: 9 लोगों से 2,200 रुपये।

  • जोन 9: 10 लोगों से 3,000 रुपये।

  • जोन 10: 9 लोगों से 1,000 रुपये।

निरंतर जारी रहेगा अभियान: डॉ. पाणीग्रही

स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लगातार निरीक्षण और जुर्माने की कार्रवाई से लोग नियमों के पालन के प्रति सजग होंगे। कार्रवाई के दौरान सभी को समझाइश दी गई कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें।

निगम की अपील: सहयोग करें

नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। कचरा नियत स्थान पर ही डालें और दुकानदार अपनी दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें। निगम ने चेतावनी दी है कि आगे भी जोन स्तर की टीमें नियमित निरीक्षण करेंगी और उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow