-
खनिज उड़नदस्ता दल की बड़ी कार्रवाई
-
पीपरदा में अवैध भंडारण पर केस दर्ज, बम्हनीडीह में नियमों की अनदेखी पर गिरी गाज
जांजगीर-चांपा.
जिले में बेखौफ हो रहे रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया है। कलेक्टर के निर्देश पर सक्रिय हुए जिला स्तरीय खनिज उड़नदस्ता दल ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी एक भारी-भरकम चैन माउंटेन मशीन और परिवहन करते 6 हाईवा वाहनों को जब्त किया है। प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए बम्हनीडीह क्षेत्र में रेत भंडारण की दो अस्थायी अनुज्ञप्तियां (लाइसेंस) भी निरस्त कर दी हैं।
6 गांवों में एक साथ दबिश
खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने जिले के नवापारा, केवा, पीपरदा, पुछेली, खपरीडीह और बम्हनीडीह क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम केवा में रेत का अवैध उत्खनन जोरों पर था। टीम ने मौके पर ही उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही एक चैन माउंटेन मशीन को सील कर दिया और संबंधितों के खिलाफ अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज किया।
हाईवा सील, नोटिस चस्पा
कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए टीम ग्राम पीपरदा पहुंची, जहां रेत का अवैध परिवहन करते हुए 6 हाईवा वाहन पकड़े गए। खनिज अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से सभी वाहनों को मौके पर सील कर दिया और उन पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
अवैध भंडारण पर दो प्रकरण दर्ज
ग्राम पीपरदा में ही रेत माफिया द्वारा किए गए अवैध भंडारण का भी भंडाफोड़ हुआ। खनिज अधिकारी के अनुसार, यहाँ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं:
-
शासकीय भूमि पर: करीब 200 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया।
-
निजी संलिप्तता: पीपरदा निवासी तेरस (पिता समधीन) द्वारा करीब 240 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण किया गया था।
विभाग ने दोनों मामलों में अवैध रूप से जमा की गई रेत को जब्त कर ग्राम पंचायत की सुपुर्दगी में दे दिया है।
दो फर्मों के लाइसेंस निरस्त
नियमों का लगातार उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बम्हनीडीह क्षेत्र के ग्राम अमोदी में संचालित मेसर्स आर.बी. कंस्ट्रक्शन और ग्राम बम्हनीडीह में मेसर्स बाबा सिद्धेश्वर कंस्ट्रक्शन के पास मौजूद गौण खनिज रेत की अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्ति को निरस्त कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि इन फर्मों द्वारा लगातार अनियमितताएं बरती जा रही थीं, जिसके चलते यह कदम उठाया गया।









