केएफसी की फ्रेंचाइजी लेने के चक्कर में ठेकेदार गंवा बैठा 2.65 लाख रुपए, पहुंच गया थाने
OM Darpan
अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)
केएफसी की फ्रेंचाइजी लेने के प्रयास में शहर का ठेकेदार आलोक कुमार गुप्ता 2 लाख 65 हजार 500 रुपए की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। यह घटना उस समय हुई जब आलोक केएफसी फ्रेंचाइजी की खोज में एक वेबसाइट पर सर्च कर रहा था। ठगी का अहसास होने पर आलोक कुमार ने कोतवाली में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
रजिस्ट्रेशन के नाम पर मारी ठगी
आलोक कुमार गुप्ता, डीसी रोड निवासी और पेशे से ठेकेदार, एक वेबसाइट पर केएफसी फ्रेंचाइजी की जानकारी तलाश रहे थे। यह प्रक्रिया शुरू करने के लिए एक नंबर पर कॉल किया गया, जिसके बाद उन्हें मेल पर फ्रेंचाइजी से संबंधित जानकारी भेजी गई। फॉर्म भरने और सबमिट करने के बाद, दो अलग-अलग नंबरों से दो व्यक्तियों ने फोन किया और रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2 लाख 65 हजार 500 रुपए की मांग की। आलोक कुमार इस विश्वास में आ गए कि उन्हें फ्रेंचाइजी मिल ही जाएगी, और 4 सितंबर को उक्त राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी।
और रकम की मांग पर खुली ठगी की पोल
रकम ट्रांसफर करने के बाद, कॉल करने वालों ने फिर संपर्क किया और एनओसी के नाम पर 7 लाख 75 हजार रुपए और मांगे। इसके बाद आलोक को संदेह हुआ और उन्होंने एड्रेस की जांच की तो वह फर्जी निकला। जब उन्होंने दोबारा फोन करने की कोशिश की तो दोनों नंबर बंद पाए गए, जिससे उन्हें ठगी का शिकार होने का अहसास हुआ।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
आलोक कुमार ने तुरंत ही कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन