एसईसीएल से प्रभावित ग्राम पंचायत परसोडीकला के ग्रामीणों की शिकायत पर थाना प्रभारी का इनकार
OM Darpan
Dec 13, 2024 08:54 am
281 views
13 Dec 2024
लखनपुर।
ग्राम पंचायत परसोडीकला के ग्रामीणों ने एसईसीएल के खिलाफ गांव के निस्तारी तालाब को जबरन तोड़े जाने की शिकायत करने के लिए लखनपुर थाना पहुंचे, लेकिन थाना प्रभारी ने आवेदन लेने से साफ इनकार कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामवासियों ने बताया कि सप्ताहभर पहले रात के समय एसईसीएल द्वारा गांव के निस्तारी तालाब की मेड को चोरी-छिपे तोड़ा जा रहा था, जिसका ग्रामवासियों ने पुरजोर विरोध किया था। इस विरोध के बाद तहसीलदार लखनपुर को भी घटना स्थल पर आना पड़ा था, जहां तहसीलदार ने ग्रामीणों की शिकायत को कलेक्टर सरगुजा तक पहुंचाने का आश्वासन दिया था।
ग्राम पंचायत के सरपंच नंदलाल सिंह और उपसरपंच श्री गोवर्धन राजवाड़े ने बताया कि जब विधायक राजेश अग्रवाल भी ग्रामवासियों की समस्याओं को सुनने और घटना स्थल का दौरा करने पहुंचे थे, तब उन्होंने ग्रामीणों को थाना प्रभारी लखनपुर को आवेदन देने की सलाह दी थी। लेकिन आज जब ग्रामीण थाना प्रभारी के पास शिकायत देने पहुंचे, तो थाना प्रभारी ने आवेदन लेने से मना कर दिया।
पूर्व जनपद सदस्य श्री धर्मेन्द्र कुमार झारिया, सरपंच नंदलाल सिंह, उपसरपंच श्री गोवर्धन राजवाड़े, सुनील राजवाड़े, श्रीमती कांता राजवाड़े और ग्राम के अन्य सदस्य शिकायत देने पहुंचे थे, लेकिन आवेदन लेने से मना कर दिया गया।
ग्रामवासियों का कहना है कि थाना प्रभारी का यह व्यवहार बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि आवेदन को स्वीकार करना था, और उसके बाद कार्यवाही की बात अलग है। आवेदन न लेने से लोगों में कानून के प्रति विश्वास बनाए रखना मुश्किल होगा।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन