जशपुर क्राइम: नारायणपुर में पिता ने की बेटी की हत्या, पुलिस ने आरोपी पिता को भेजा जेल।
जशपुर।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पिता ने मामूली विवाद में अपनी ही सगी बेटी की टांगी मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतिका आंगनबाड़ी सहायिका थी और अपने घर की नींव रख रही थी, जो पिता को रास नहीं आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मकान निर्माण की सामग्री को लेकर हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जामटोली निवासी मृतिका बिंदिया लकड़ा (23 वर्ष) आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी। वह अपने घर के पास ही एक नया मकान बनवा रही थी, जिसके लिए उसने नींव खुदवा ली थी और रेत भी गिरवा ली थी। 18 फरवरी 2026 की दोपहर करीब 3:00 बजे उसका पिता आरोपी लौरेस लकड़ा घर पहुँचा। उसने बिंदिया से कहा कि घर बनाने के लिए ईंट और गिट्टी जल्दी मंगवाओ, और यदि नहीं मंगवा सकती तो उसे रुपए दे दो, वह खुद ईंट-गिट्टी मंगवा लेगा।
आवेश में आकर टांगी से किया वार
ईंट-गिट्टी और रुपयों की बात को लेकर पिता-पुत्री के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी पिता लौरेस लकड़ा ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से अपनी बेटी बिंदिया के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बिंदिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बहन ने दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के समय मृतिका की बहन अनुषा लकड़ा (22 वर्ष), जो ग्राम अंबाटोली में रहती है, उसे घटना की सूचना मिली। अनुषा ने नारायणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता ने उसकी बड़ी बहन की हत्या कर दी है। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लौरेस लकड़ा के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
नारायणपुर पुलिस ने तत्काल घटना स्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण सिर पर लगी गंभीर चोट को बताया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पिता लौरेस लकड़ा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी को जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






