दुर्ग (लोकेश्वर सिंह ठाकुर)।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला हिर्री विकासखंड धमधा जिला दुर्ग में 11 जुलाई 2025 को फरमानिया ट्रस्ट ने जरूरतमंद स्कूली बच्चों की मदद के लिए सराहनीय कदम उठाया। ट्रस्ट के समाजसेवी सुरेश फरमानिया ने स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, कंपास बॉक्स और कापियां वितरित कीं।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हिर्री के सरपंच योगेंद्र साहू, आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य एमआर मंडारे, नारधा स्कूल के प्रधान पाठक व व्याख्याता मनोज मढ़रिया, संकुल समन्वयक दिनेश कुमार साहू और शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
विगत कई वर्षों से जारी है ट्रस्ट का सेवाकार्य
फरमानिया ट्रस्ट द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में यह योगदान कोई नया नहीं है। ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को बैग, कापियां, पेन व स्वेटर जैसी आवश्यक चीजें बांट रहा है।
शिक्षकों के निवेदन पर की गई सामग्री वितरण
शाला के शिक्षकों ने श्री फरमानिया से विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का निवेदन किया था। इस निवेदन को स्वीकार करते हुए उन्होंने 200 बच्चों को कापियां और कक्षा छठवीं के 70 विद्यार्थियों को बैग व कंपास बॉक्स प्रदान किए।
शाला की प्रधान पाठक वर्षा हरिहरनो ने फरमानिया ट्रस्ट के इस उदार सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने श्री फरमानिया का शाल व श्रीफल से सम्मान भी किया।
बच्चों को दी मेहनत करने की सीख
इस अवसर पर सुरेश फरमानिया ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें कड़ी मेहनत करने और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। बैग और कंपास बॉक्स पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और वे बेहद प्रसन्न नजर आए।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक मनोज कुमार साहू ने सभी के प्रति आभार प्रदर्शन किया और कार्यक्रम का सफल संचालन किया।






