✍️ डिजिटल डेस्क
जांजगीर-चाम्पा | जांजगीर-चाम्पा जिले में बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की ओर से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से स्कूलों में सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के तहत विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने, उनके कानूनी अधिकारों को समझाने और किसी भी संकट की स्थिति में मदद प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
*** लक्ष्मीबाई और खोखरा स्कूल में विशेष सत्र ***
जागरूकता अभियान के तहत हाल ही में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीबाई, चांपा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोखरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने यहां मौजूद विद्यार्थियों को बाल श्रम निषेध, बाल विवाह रोकथाम, बाल तस्करी और बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान वीडियो प्रस्तुति और संवादात्मक सत्र के जरिए बच्चों को बहलाने-फुसलाने और नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति भी आगाह किया गया। विद्यार्थियों को विशेष रूप से ‘सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श’ (Good and Bad Touch) के बारे में समझाते हुए सलाह दी गई कि किसी भी अप्रिय स्थिति में वे डरे नहीं, बल्कि तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचित करें।
*** संकट के समय 24 घंटे मिलेगी मदद ***
कार्यक्रम में बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एक निःशुल्क आपातकालीन सेवा है, जो बच्चों के लिए 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहती है। अनाथ, बेसहारा या शोषण का शिकार बच्चे इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। बाल संरक्षण परियोजना में शामिल विष्णु श्रीवास (समन्वयक), अल्का फॉक (काउंसलर), डानी सोनवानी (केस वर्कर) और भागीदारी सिदार (केस वर्कर) ने टीम के साथ मिलकर बच्चों के सवालों का समाधान किया। टीम ने जनता से भी अपील की है कि यदि कोई बच्चा बाल श्रम, भीख मांगने या लापता होने जैसी स्थिति में दिखे, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर या +91-9827771819 और +91-8963997174 पर जानकारी साझा करें।








