-
लिव-इन पार्टनर ने भाई और दोस्त के साथ मिलकर की थी हत्या
-
पहले भी मर्डर केस में जेल जा चुका है आरोपी
भिलाई/सुपेला (रोहितास सिंह भुवाल) |
शहर के सुपेला थाना क्षेत्र में चंद्र मौर्या टॉकीज अंडरब्रिज के पास नाले में मिली महिला की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ में हुई हत्या का निकला। मृतका अपने पार्टनर के साथ रहती थी। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पार्टनर ने ही उसका सिर दीवार पर दे मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को नाईटी उतारकर प्लास्टिक की रस्सी से बांधकर छोटा (गठरी जैसा) कर दिया और बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसके भाई और एक ऑटो चालक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी और सोशल मीडिया से हुई पहचान
13 दिसंबर 2025 को कार सर्विसिंग सेंटर के सामने नाले में एक बोरे में बंद महिला का शव मिला था। पुलिस के लिए यह एक ‘ब्लाइंड मर्डर’ (अंधे कत्ल) की तरह था। सुपेला पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। शव की फोटो और हुलिये को सोशल मीडिया और अखबारों में प्रसारित किया गया।
17 दिसंबर को कृष्णा नगर निवासी आमरौतिन ने थाने पहुंचकर मृतका की पहचान आरती उर्फ भारती निर्मलकर के रूप में की। मृतका के हाथ पर बने गोदना और चूड़ियों से उसकी शिनाख्त हुई।
शराब, झगड़ा और खौफनाक मौत
जांच में सामने आया कि मृतका आरती पिछले 4-5 महीने से कोसानगर, सुपेला निवासी तुलाराम बंजारे (33) के साथ लिव-इन में रह रही थी। वह पहले अपने दो पतियों को छोड़ चुकी थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी तुलाराम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
तुलाराम ने बताया कि आरती शराब और गुटखा की आदी थी। वह अक्सर नशे में बेकाबू होकर विवाद करती थी और तुलाराम की जेब से पैसे भी निकाल लेती थी। 5 दिसंबर 2025 को दोनों ने घर में शराब पी। इसी दौरान विवाद बढ़ा और गुस्से में तुलाराम ने आरती को थप्पड़ मारा और उसका सिर दीवार से टकरा दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से आरती वहीं गिर गई और कुछ देर में उसका शरीर ठंडा पड़ गया।
लाश को ठिकाने लगाने की रोंगटे खड़े करने वाली साजिश
हत्या के बाद आरोपी ने क्रूरता की हदें पार कर दीं:
-
शव को मोड़ा: मृतका की नाईटी उतारकर उसे चूल्हे में जला दिया। शव को घुटनों से मोड़कर प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिया ताकि वह छोटा हो जाए।
-
बोरे में भरा: शव को जूट और प्लास्टिक की बोरी में डालकर ऊपर से काला प्लास्टिक लपेट दिया।
-
भाई और दोस्त की मदद: घटना के बाद तुलाराम ने अपने भाई गोवर्धन बंजारे (28) और ऑटो चालक दोस्त शक्ति भौयर (42) को बुलाया।
-
नाले में फेंका: रात करीब 3 बजे तीनों ऑटो में शव रखकर ले गए और चंद्र मौर्या अंडरब्रिज के पास नाले में फेंक दिया।
साक्ष्य मिटाने माँ को बुलाया, मोहल्ले में फैलाई झूठी खबर
वारदात के बाद आरोपी तुलाराम ने अपनी माँ को कृष्णा नगर से अपने घर बुला लिया। मोहल्ले वालों को गुमराह करने के लिए उसने कहा कि आरती अपने पिता का इलाज कराने नागपुर गई है।
पुलिस ने आरोपी के घर से टूटी हुई चूड़ियां और रस्सी के टुकड़े बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी तुलाराम बंजारे पूर्व में भी हत्या और मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने तीनों आरोपियों (तुलाराम, गोवर्धन और शक्ति) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।









