Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

जशपुर में ‘विष्णु भैया’ ने बहनों से बंधवाई राखी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • जशपुर के पंडरीपानी में आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में सीएम ने दी करोड़ों की सौगात

  • महतारी सदन का किया लोकार्पण

✍️ डिजिटल डेस्क

जशपुर | जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में बुधवार को रक्षाबंधन का पर्व बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यहां बड़ी संख्या में मौजूद माताओं और बहनों से अपनी कलाई पर राखी बंधवाई। भाई-बहन के इस अटूट स्नेह और विश्वास के उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने बहनों को उपहार भेंट किए और उनके सम्मान, सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस कार्यक्रम के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी भूमिका को और मजबूत करने का संदेश दिया है।

पंडरीपानी में विकास कार्यों की लगी झड़ी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर पंडरीपानी में लगभग 64 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें ‘महतारी सदन’ का लोकार्पण प्रमुख रहा, जो गांव की महिलाओं के लिए आर्थिक गतिविधियों और प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा। इसमें बैठक कक्ष, रसोईघर और शौचालय जैसी सुविधाएं दी गई हैं। साथ ही उन्होंने फरसाबहार और भेलवा में भी महतारी सदन बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति की जानकारी भी साझा की।

महतारी वंदन योजना से बहनों को मिला सहारा

महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए विष्णु देव साय ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे हैं। रक्षाबंधन को देखते हुए 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सितंबर माह के लिए अग्रिम तौर पर जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं के कौशल को निखारकर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है।

स्व-सहायता समूहों और हितग्राहियों की मदद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। मोंगरा समूह (भगोरा), वैष्णवी समूह (कंदईबहार) और चांद समूह (कंदईबहार) को 1.50-1.50 लाख रुपये तथा प्रतिज्ञा समूह (बड़ा बस्ती) को 1 लाख रुपये की सहायता दी गई। इसके अलावा, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत मीनाक्षी यादव और श्रेया पैंकरा को पासबुक दी गई। स्वामित्व योजना के तहत हरावती (बोखी), जगमनी (वानगांव), राजमनी (कोनपारा), लक्ष्मी (भगोरा) और सुमित्रा (तेलाइन) को पट्टे वितरित किए गए।

सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर जोर

विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार की सेवाओं को पारदर्शी बनाने के लिए ‘सेवा सेतु’ के जरिए 36 विभागों की 700 से ज्यादा सेवाएं ऑनलाइन की गई हैं। अटल डिजिटल सेवा केंद्र और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने मुख्यमंत्री को प्रदेश की बहनों का ‘विष्णु भैया’ बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow