-
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने साथियों संग खून से लिखा मुख्यमंत्री को खत
-
भाजपा सरकार पर जनविरोधी फैसला लेने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
रायपुर.
प्रदेश में बिजली बिलों में बढ़ोतरी और पुरानी सब्सिडी योजना को बंद किए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने अपना विरोध तेज कर दिया है। इसी क्रम में, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने अपने अनेक साथियों के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को खून से पत्र लिखकर 400 यूनिट तक बिजली हाफ योजना को तत्काल बहाल करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने पत्र के माध्यम से आरोप लगाया कि एक तरफ आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकार की मनमानी के कारण बिजली बिलों का बोझ असहनीय हो गया है। उन्होंने कहा कि आम जनता के पसीने की कमाई को इस तरह बिजली बिलों में “खींचना सरासर अन्याय” है।
पंकज शर्मा ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा 400 यूनिट तक बिजली हाफ योजना चलाई जा रही थी, जिसे वर्तमान भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह जनहितैषी योजना बंद होना ही लोगों की मौजूदा परेशानी का मुख्य कारण बन गया है।
बहाली तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से इस “जनविरोधी फैसले” को तुरंत वापस लेने और जनता को राहत देने की मांग की है। शर्मा ने चेतावनी दी है कि जब तक भाजपा सरकार 400 यूनिट तक बिजली हाफ योजना को दोबारा चालू नहीं करती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।











