महापौर और एमआईसी टीम का वार्डों का नियमित भ्रमण, जनता से सीधे संवाद कर मौके पर समस्याओं का समाधान
जगदलपुर: जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम की पहल
जगदलपुर (कौशल संदुजा)
नगर निगम लगातार हो रही बारिश के कारण शहर में जलभराव की स्थितियों को नियंत्रित करने और सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में जुटा हुआ है। शनिवार को महापौर सफीरा साहू, एमआईसी सदस्यों और निगम आयुक्त हरेश मण्डावी की टीम ने धरमपुरा क्षेत्र के दलपत सागर आउटलेट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जलनिकासी के लिए 500 मीटर लंबे कच्चे नाले का मुआयना किया गया और इसे पक्का बनाने की योजना की घोषणा की गई।
महापौर सफीरा साहू ने बताया कि बरसात में जलभराव की स्थिति में जलनिकासी की गति बढ़ाने के लिए कच्चे नाले को पक्का बनाने का निर्णय लिया गया है। एमआईसी सदस्यों के साथ महापौर का दल नियमित रूप से शहर के वार्डों का दौरा कर जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। दलपत सागर के धरमपुरा क्षेत्र में बने आउटलेट के समीप घनी झाड़ियों को मशीनों की मदद से हटाने का काम शुरू हो चुका है।
निगम आयुक्त हरेश मण्डावी ने बताया कि पक्के नाले का निर्माण होने से जलनिकासी की प्रक्रिया तेज हो जाएगी, जिससे शहरवासियों को राहत मिलेगी। महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर की सभी व्यवस्थाओं को सही तरीके से संचालित करना है, और रोज़ाना जनता के बीच पहुँच कर उनकी समस्याओं का समाधान उसी का एक हिस्सा है।
संजय मार्केट और अन्य वार्डों का निरीक्षण
महापौर सफीरा साहू और एमआईसी सदस्यों ने संजय मार्केट का भी पैदल दौरा किया और साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने व्यापारियों से भी चर्चा की और बाज़ार की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। प्रवीर वार्ड और अटल बिहारी वार्ड का भी निरीक्षण किया गया।
इस मौके पर एमआईसी सदस्य योगेन्द्र पाण्डेय, यशवर्धन राव, नरसिंह राव, आलोक अवस्थी, निगम ईई अजीत कुमार तिग्गा, उप अभियंता और स्वच्छता विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।










