

शासकीय दस्तावेज फाड़े, मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तारी
जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक पटवारी के साथ जातिगत अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर मारपीट करने वाले दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रार्थी प्लासिदियुस टोप्पो (47 वर्ष) ने 31 जुलाई 2024 को कुनकुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कुडुकेला नारायणपुर में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, 31 जुलाई को प्रार्थी तहसीलदार कुनकुरी के कार्यालय में शासकीय कार्य के सिलसिले में गए थे, जहाँ ईश्वर यादव और उनकी पत्नी भूमति यादव ने आरोप लगाया कि प्रार्थी ने जमीन का नक्शा गलत काटा है। विवाद के दौरान, दंपत्ति ने अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए प्रार्थी से बहस की।
सार्वजनिक स्थल पर भी दोनों दंपत्ति ने प्रार्थी को धमकाया और जातिगत अपशब्द कहे। प्रार्थी ने फिर अपने एक साथी के साथ मोटर सायकल के शो-रूम में गए, जहाँ दंपत्ति ने उनका पीछा किया और हाथ-मुक्का से मारपीट की। उन्होंने शासकीय दस्तावेज को फाड़ दिया।
इस घटना के आधार पर, थाना कुनकुरी ने भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 221, 132, 115(2), 3(5) और 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी दंपत्ति ईश्वर यादव (35 वर्ष) और भूमति यादव (32 वर्ष) को 1 अगस्त 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों में आरोपियों को पकड़ लिया और पूछताछ के दौरान उन्होंने अपराध को स्वीकार कर लिया।









