

रेलवे द्वारा 4 से 20 अगस्त तक 72 ट्रेनों के रद्द होने पर कांग्रेस ने जताया विरोध, यात्रियों की परेशानी को लेकर रेल मंत्री के नाम डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर (कौशल संदुजा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में रेलवे द्वारा 4 अगस्त से 20 अगस्त तक छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 72 ट्रेनों के रद्दीकरण के खिलाफ जोरदार विरोध जताया है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने रेलवे मंत्री के नाम जगदलपुर डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए रद्द ट्रेनों के परिचालन को तुरंत बहाल करने की मांग की।
शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि रेलवे द्वारा 72 ट्रेनों का रद्दीकरण यात्रियों के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न करेगा। उन्होंने कहा, “रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्यौहार के समय में ट्रेनों का रद्द होना अस्वीकार्य है। हमारी मांग है कि रेलवे द्वारा रद्द की गई सभी ट्रेनों का तत्काल प्रभाव से परिचालन शुरू किया जाए, ताकि यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।”
मौर्य ने यह भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के साथ केंद्र सरकार द्वारा लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। “बीजेपी के 10 सांसद होने के बावजूद, छत्तीसगढ़ में 72 ट्रेनों का रद्द होना सीधा अन्याय है। बीजेपी सांसदों को इस मुद्दे को सदन में उठाना चाहिए,” उन्होंने कहा।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि रद्द ट्रेनों का परिचालन तुरंत बहाल नहीं किया गया तो पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कई प्रमुख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने इस मुद्दे पर एकजुट होकर जनता से समर्थन की अपील की।






