-
पत्रकार निशा द्विवेदी की पुस्तक ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ में दर्ज हुए महिलाओं की आत्मनिर्भरता के अनकहे अनुभव
✍️ विशेष संवाददाता
रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पत्रकार निशा द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ का विमोचन किया। दो भागों में प्रकाशित यह पुस्तक छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के जमीनी प्रभाव और इससे लाभान्वित महिलाओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें महिलाओं के अनुभवों, उनके संघर्षों और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदमों की वास्तविक कहानियों को विस्तार से संकलित किया गया है।
70 लाख महिलाओं को मिला मोदी की गारंटी का आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश में यह योजना सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। वर्तमान में राज्य की लगभग 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। योजना की 30 किश्तों के माध्यम से अब तक लगभग 19,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। यह राशि महिलाओं के स्वास्थ्य, बच्चों की पढ़ाई, पोषण और बचत जैसी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में बड़ी सहायक साबित हो रही है, जिससे महिलाओं में आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास का भाव मजबूत हुआ है।
जमीनी हकीकत और अनुभवों का अनूठा संग्रह
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने पुस्तक की सराहना करते हुए बताया कि लेखिका निशा द्विवेदी ने गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद किया और उनकी संवेदनाओं को शब्दों में पिरोया है। किसी भी योजना की वास्तविक सफलता उसके लाभार्थियों के जीवन में दिखने वाले परिवर्तन से ही तय होती है। पुस्तक की लेखिका निशा द्विवेदी ने साझा किया कि ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ के दोनों भागों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की ऐसी महिलाओं की कहानियों को स्थान दिया गया है, जिनके आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता में इस नियमित सहायता से बड़ा सुधार आया है।
इस विमोचन समारोह के अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कृष्णा दास और जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा कार्यक्रम में गौरी शंकर श्रीवास, शताब्दी पांडेय सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार और शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। राज्य सरकार अब महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास और आजीविका के क्षेत्रों में भी निरंतर कार्य कर रही है।









