



खरगोन, मध्य प्रदेश के रहने वाले आरोपी, सोने की चेन ठगी मामले में संलिप्त; एक आरोपी पर देशभर में दर्ज हैं 25 से अधिक मामले
जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
साधु के भेष में ठगी करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को जगदलपुर पुलिस ने 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना हाटकचौरा बयापारा स्थित मेकेनिक कार्यालय में हुई, जहां 42 वर्षीय अरुण कुमार वर्मा के साथ ठगी की गई थी। आरोपी अरुण कुमार की 8 ग्राम सोने की चेन धोखाधड़ी से लेकर फरार हो गए थे।


पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई में, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों ने मारुति ईको सफेद रंग की गाड़ी (MP 09 DC 5527) से भागने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें आंध्र प्रदेश के नंदीगामा थाना क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ में ठगी की बात कबूल की और चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुरेश नाथ, जिन पर देशभर में 25 से अधिक अपराध दर्ज हैं, और उनके साथी शंकर नाथ, सोहन नाथ, विक्की नाथ, बालू कोर, और हेमू नाग शामिल हैं। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को हवालात भेज दिया है।





