- महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर राष्ट्रपति की नाराजगी
- कहा – “अब बहुत हुआ, समाज को आत्मनिरीक्षण की जरूरत”
नई दिल्ली।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल अस्पताल में 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए रेप और हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस गंभीर घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने गहरी निराशा और भय व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा, “अब बहुत हो गया है। बेटियों के खिलाफ ऐसे अपराध किसी भी सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य हैं।” यह पहला अवसर है जब राष्ट्रपति ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जो इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि कोई भी सभ्य समाज इस तरह के अत्याचार को बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि समाज को अब आत्मनिरीक्षण करने और ईमानदार बनने की आवश्यकता है। इस घटना के बाद कोलकाता में छात्र, डॉक्टर और नागरिक सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि अपराधी खुलेआम घूम रहा था।
यह घटना नौ अगस्त को घटित हुई, जब आरजी कर मेडिकल अस्पताल के सेमिनार हॉल से 31 साल की महिला डॉक्टर का शव मिला। शव के पास कपड़े नहीं थे, खून बह रहा था, और शरीर पर चोटों के निशान थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स में गहरा आक्रोश फैल गया और उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस ने मामले की जांच में तत्परता दिखाई और आरोपी संजय रॉय को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस घटना के बढ़ते तूल को देखते हुए, कोलकाता हाईकोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लिया और सीबीआई से जांच की प्रगति रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया। सीबीआई ने कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है।
जांच में सामने आया कि संजय रॉय ने आठ और नौ अगस्त की रात चार बार आरजी अस्पताल के अंदर प्रवेश किया था, जिसमें तीन बार वह घूमकर बाहर निकल गया, लेकिन चौथी बार उसने ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी। इसके अलावा, तफ्तीश में यह भी पता चला कि संजय रॉय ने उस रात रेड लाइट एरिया का भी दौरा किया था और लौटते समय एक अन्य लड़की से छेड़छाड़ की थी।






