बिलासपुर।
बिलासपुर के करही कछार गांव में 16 साल के एक किशोर ने ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ की लत के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रवि कुमार तिर्की, जो कक्षा 6वीं तक पढ़ा था, आर्थिक तंगी के कारण आगे की पढ़ाई नहीं कर सका और घर पर ही रहता था। बताया जा रहा है कि उसे मोबाइल गेम खेलने की गहरी लत लग चुकी थी, जिससे वह मानसिक दबाव में था।
रवि की लाश घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में एक पेड़ से रस्सी के फंदे से लटकी हुई मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीण एडिशनल एसपी अर्चना झा ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
रवि के पिता दादूराम तिर्की ने बताया कि उनका बेटा दिनभर मोबाइल पर ‘फ्री फायर’ खेलता रहता था और मानसिक तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया होगा।
यह घटना कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलगहना चौकी की है। बीते एक महीने में छत्तीसगढ़ में यह चौथा मामला है, जहां मोबाइल और गेम्स की लत के चलते बच्चों ने अपनी जान दे दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत उनके मानसिक और शारीरिक विकास में गंभीर बाधा बन रही है।






