- भिलाई में तीन दिवसीय पोषण जागरूकता अभियान का शुभारंभ
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)। दुर्ग के भिलाई चरोदा स्थित मंगल भवन नगर निगम में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत तीन दिवसीय मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल और विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने रिबन काटते हुए इस आयोजन की शुरुआत की। प्रदर्शनी का उद्देश्य पोषण जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करना है।
इस आयोजन में चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, और महाविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी रही। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में पोषण संबंधी जानकारी फैलाने के प्रयास किए गए।
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने उद्घाटन समारोह में कहा कि इस प्रकार के आयोजन से लोगों को पोषण और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त होती है। विजय बघेल ने आगाह किया कि युवाओं में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम के लिए जागरूकता जरूरी है।
इस अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्वच्छता शपथ और जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया जिसमें “सही पोषण, देश रोशन” जैसे प्रेरणास्पद नारे लगाए गए। आयोजन स्थल पर पोषण आहार संबंधित प्रदर्शनी और कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।











