Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

छत्तीसगढ़ में आसमानी आफत का कहर, बिजली गिरने और डूबने से 7 की मौत, 11 झुलसे

बिजली

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • भारी बारिश से उफने नदी-नाले, सिकासार बांध से छोड़ा 15 हजार क्यूसेक पानी, तटीय इलाकों में अलर्ट जारी

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी रायपुर के देवपुरी से लालपुर स्थित फ्रूट मार्केट जाने वाली मुख्य सड़क पर भारी जलभराव के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीषण जाम की स्थिति के कारण लोग घंटों फंसे रहे। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

गरियाबंद और सक्ती में मौत का तांडव

गरियाबंद जिले में उफनते सरगी नाला को पार करने की कोशिश में सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे की हालत में था। बुधवार को उसका शव करीब 5 किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास बरामद किया गया। वहीं, सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र अंतर्गत दमाऊधारा में पिकनिक मनाने आए दुर्ग-भिलाई के युवक प्रतीक कंवर (20) की झरने के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। 24 घंटे चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार को उसका शव बरामद हुआ। सारंगढ़-बरमकेला के लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिनकी तलाश में रेस्क्यू टीमें जुटी हैं।

वज्रपात से 5 की मौत, 11 ग्रामीण झुलसे

प्रदेश में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में 3 ग्रामीणों की जान गई, जबकि सूरजपुर में एक किसान और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक महिला मजदूर वज्रपात का शिकार हुई। इन हादसों में कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। इधर, गरियाबंद के सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पैरी नदी के किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है।

गांवों का संपर्क टूटा, बाइक सवार को बचाया

भारी बारिश के चलते गरियाबंद के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। खोलापारा नाले के उफान पर होने के कारण एक बाइक सवार युवक बहने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जलभराव के चलते आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार गांवों का जिला मुख्यालय से पूरी तरह संपर्क टूट गया है।

डीप डिप्रेशन और मानसून ट्रफ का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, ओडिशा और उसके आसपास बना डीप डिप्रेशन उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। सक्रिय मानसून ट्रफ की वजह से प्रदेश में नमी आ रही है, जिससे लगातार बारिश हो रही है। बुधवार को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है। रिकॉर्ड के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.8°C और सबसे कम पेंड्रा रोड में 21.6°C दर्ज किया गया।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow