



बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता आशीष विद्यार्थी, जो अपनी कई हिट फिल्मों में नकारात्मक भूमिकाओं के लिए पहचाने जाते हैं, ने अपने प्रशंसकों को चौंकाते हुए अपना पहला रैप सिंगल “तानाशाही” रिलीज़ किया है। यह गाना 15 नवंबर को उनके बेटे अर्थ विद्यार्थी के जन्मदिन के अवसर पर आशीष विद्यार्थी प्रोडक्शन द्वारा प्रस्तुत किया गया।
“तानाशाही” मानवीय भावना, उम्मीद और आंतरिक शक्ति का जश्न मनाने वाला एक गाना है। इसमें जीवन की कठिनाइयों से जूझते हुए आगे बढ़ने और अपनी वास्तविक क्षमता को अपनाने का संदेश दिया गया है। गाने के बोल व्यक्ति के भीतर मौजूद साहस और बाधाओं को पार करने की शक्ति को दर्शाते हैं।
यहां पर देखे वीडियों https://www.instagram.com/reel/DCZKj3kI0wK/?utm_source=ig_web_button_share_sheet&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
जीत का गान और जीवन का उत्सव
प्रेस नोट के अनुसार, आशीष विद्यार्थी ने इस गाने को उन लोगों के लिए श्रद्धांजलि बताया है, जो दूसरों की राय की परवाह किए बिना अपनी पहचान बनाने में विश्वास रखते हैं। आशीष ने कहा,
“मैंने हमेशा आशा की शक्ति में विश्वास किया है। जीवन हमेशा असाधारण नहीं होता, लेकिन रचनात्मकता के साथ आप साधारण को यादगार बना सकते हैं। यह गाना उन व्यक्तियों के लिए एक सम्मान है, जो समाज की परवाह किए बिना खुद को साबित करते हैं। ‘तानाशाही’ जीत और जीवन का उत्सव है। आइए इस गाने पर थिरकें और इसे सेलिब्रेट करें।”
गाना सभी प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और YouTube पर @AshishVidyarthiActorVlogs चैनल पर उपलब्ध है।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता
आशीष विद्यार्थी ने “कहो ना प्यार है”, “बिच्छू”, “हसीना मान जाएगी”, “भाई”, और “बाजी” जैसी हिट फिल्मों में काम किया है। अपनी नकारात्मक भूमिकाओं के लिए मशहूर विद्यार्थी ने अब अपने इस संगीत प्रयास से एक नई पहचान बनाई है।





