



भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में लगभग 26 हजार 70 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्वजन निवासरत हैं। प्रधानमंत्री द्वारा 70 प्लस हितग्राहियों के लिए फ्री इलाज की सुविधा प्रदान करने हेतु उन्हें आयुष्मान कार्ड बनवाना आवश्यक है। इस आयुष्मान कार्ड के माध्यम से वृद्वजन शासन द्वारा निर्धारित सभी बड़े अस्पतालों में जाकर निशुल्क इलाज करवा सकते हैं।
इस पहल को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड शीघ्र बन सके, इसके लिए आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने स्वयं सामुदायिक संगठक व स्थानीय स्त्रोत व्यक्तियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि वार्ड, मोहल्लों और कार्यस्थल क्षेत्रों में जाकर 70 प्लस वृद्वजनों से संपर्क कर उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने का कार्य किया जाए। इसके लिए इन्हें मोबाइल में आईडी भी प्रदान की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 70 प्लस आयुष्मान कार्ड का निर्माण हितग्राही अपने परिवार के बच्चों के माध्यम से इनराइड मोबाइल से भी कर सकते हैं। उसकी वैधता भी अन्य कार्ड के समान ही होगी। इस योजना के अंतर्गत सभी वर्ग के लोग अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। यह सुविधा सभी के लिए उपलब्ध है।
बैठक के दौरान जिले से देवेश द्विवेदी, नोडल अधिकारी अनिल सिंह, मिशन मैनेजर अमन पटले, सी.ओ और सी.आर.पी. आदि उपस्थित रहे।






