रायपुर।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाया। सदन में इस विषय पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस ने इस पर स्थगन प्रस्ताव पेश किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया।
तीन करोड़ भक्तों की आस्था से छल: नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ रामभक्तों की आस्था के साथ छल हुआ है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा का विषय नहीं है। महंत ने जवाब दिया कि सदन की भावना इस विषय से जुड़ी है। उन्होंने सत्तापक्ष से निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की।
शैतान भी बाइबिल पढ़ता है:धर्मजीत सिंह
बहस के दौरान भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। इतिहास गवाह है कि कभी-कभी शैतान भी बाइबिल पढ़ता है। अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के लापता कोषाध्यक्ष का मुद्दा उठाया। उन्होंने चंदा चोरी के आरोपों पर पलटवार किया।
बघेल ने गिनाया दान का ब्यौरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि अयोध्या निर्माण में 40 फीसदी कमीशन लिया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों के पैसे की डकैती हुई है। धरमलाल कौशिक के सवाल पर बघेल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामजन्मभूमि ट्रस्ट को चेक संख्या के साथ 1 लाख 21 हजार रुपये दान दिए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने विषय को राज्य का अधिकार क्षेत्र न बताते हुए चर्चा से इनकार कर दिया।









