- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के अंतर्गत अब समस्याओं का समाधान मात्र एक फोन कॉल पर हो रहा है। रायपुर निवासी हेमलाल चक्रधारी ने शिकायत की थी कि उन्हें दो माह से शासकीय राशन नहीं मिल रहा था। राशन दुकान संचालक हर बार राशन समाप्त होने का बहाना बनाकर उन्हें खाली हाथ लौटा देता था।
श्री चक्रधारी ने संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। अंततः उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जन समस्या निवारण कॉल सेंटर से संपर्क किया। उनकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग को मामले की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच की और श्री चक्रधारी को लंबित राशन उपलब्ध करवाया।
राशन मिलने पर श्री चक्रधारी ने अपनी खुशी व्यक्त की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल आम जनता के लिए एक बड़ी राहत है और इससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है।










