मुंबई।
अभिनेत्री प्रीत अजमेर अपने नए म्यूजिक वीडियो ‘जिक्र तेरा’ से मनोरंजन जगत में तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। इस वीडियो में प्रीत न केवल अभिनय कर रही हैं, बल्कि इस गाने को उन्होंने खुद गाया भी है। नए वर्ष की शुरुआत में यह म्यूजिक वीडियो रिलीज़ होगा, जिससे दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अभिनय का सपना लेकर प्रीत अजमेर मुंबई पहुंचीं और अपने करियर की शुरुआत विज्ञापन फिल्मों से की। ज्वेलरी, साड़ी और कॉस्मेटिक ब्रांड्स सहित कई बड़े ब्रांड्स के लिए उन्होंने विज्ञापन किए। प्रीत को कुकिंग, हिल स्टेशन पर घूमने और लेखन का शौक है। इसके अलावा वह शायरी लिखने और म्यूजिक क्रिएट करने में भी रुचि रखती हैं।
प्रीत अजमेर ने कहा, “मुझे ऐसी भूमिकाएं पसंद हैं, जिनमें महिलाओं की सशक्त भूमिका हो। मैं एकता कपूर के साथ काम करने की इच्छुक हूं।” उनकी पसंदीदा अभिनेत्री रेखा हैं और उन्हें फिल्में ‘चक दे इंडिया’ और ‘भाग मिल्खा भाग’ बेहद पसंद हैं।
प्रीत का मानना है कि हर स्त्री को आत्मनिर्भर बनना चाहिए। उनका कहना है, “अपनी जिंदगी दूसरों पर निर्भर रहकर न गुजारें। आत्मसम्मान बनाए रखें और खुद की पहचान बनाएं। एक नारी सिर्फ सोलह श्रृंगार में सजी कोमलांगी नहीं होती, बल्कि वह अस्त्रों से सजी दुर्गा और काली का रूप भी धारण कर सकती है।”
फिलहाल प्रीत अजमेर एड फिल्मों में व्यस्त हैं और जल्द ही वेब सीरीज, शॉर्ट मूवीज़ और फिल्मों के माध्यम से दर्शकों से रूबरू होंगी।










