दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
नगरीय निकाय/पंचायत निर्वाचन 2025 की आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होते ही जिले में सम्पत्ति विरूपण के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार नगरीय निकायों व जनपद पंचायत क्षेत्रों में प्रशासनिक अमला युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है।

सार्वजनिक व निजी संपत्तियों से होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यह कार्रवाई नगर निगम दुर्ग, नगर पालिका कुम्हारी, अहिवारा और अमलेश्वर, नगर पंचायत पाटन, उतई, धमधा सहित जनपद पंचायत क्षेत्रों में की जा रही है।
प्रभावी निर्देश और कार्रवाई
कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदर्श आचरण संहिता के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी सार्वजनिक और निजी संपत्तियों से प्रचार सामग्री हटाने में कोई ढिलाई न हो।
युद्ध स्तर पर काम
इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम दुर्ग और अन्य नगरीय निकाय क्षेत्रों में प्रशासनिक दलों द्वारा मुस्तैदी से कार्य किया जा रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।










