कहा – हमारी संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच”
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आलबरस और भरदा में आयोजित दो दिवसीय देवी जस गायन एवं झांकी प्रतियोगिता में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता अंडा निकुम भाजपा मंडल अध्यक्ष लिकेश्वर देशमुख ने की, वहीं विशेष अतिथि के रूप में सरपंच आशा प्यारे लाल देशमुख, सोसायटी अध्यक्ष प्रताप यादव, उपसरपंच हनुमान शरण, हेमंत देशमुख, रोशन देशमुख, नेमसिंह देशमुख, विष्णु लाल देशमुख, गैंद सिंह ठाकुर, पुराणिक चेलक चैन सिंह साहू, अशोक हरमुख और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के लिए मंगल कामना की। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा, “आज इस देवी जस गायन और झांकी प्रतियोगिता में शामिल होकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह आयोजन हमारी संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहाँ हम देवी की महिमा का गायन करते हैं और उनके आशीर्वाद से समाज में अच्छे कार्यों की प्रेरणा लेते हैं।“
उन्होंने आगे कहा, “इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली विभिन्न मंडलियां देवी की महिमा का यशगान करती हैं, जो हमारे जीवन में अज्ञानता, अंधकार और नशे रूपी महिषासुर का वध करने की प्रेरणा देती हैं। हमें अपने जीवन में सदाचार और सद्गुणों को अपनाते हुए, एक-दूसरे का सुख-दुख में साथ देना चाहिए।“
विधायक ललित चंद्राकर ने समाज में बढ़ते नशे के खतरे पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “आज समाज में नशे रूपी महिषासुर का वध करने की आवश्यकता है। चारों ओर नशे का जहर फैल चुका है, और लोग इससे अपने जीवन को बर्बाद कर रहे हैं। हमें इस नशे से मुक्ति पाने की आवश्यकता है। जहाँ नशे का वास नहीं होता, वहां समाज में सुख, समृद्धि और शांति होती है।“
अंत में विधायक ने क्षेत्रवासियों से नशा छोड़ने और एक खुशहाल जीवन जीने की अपील की। उन्होंने मातरानी से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इस आयोजन में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने विधायक ललित चंद्राकर के संबोधन को सराहा और उनके विचारों से प्रेरित होकर नशे से मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।









