
सुकमा: थाना पोलमपल्ली क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 किलोग्राम वजनी आईईडी प्लांट करने वाले एक सक्रिय नक्सली को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 30 जनवरी 2025 को दोरनापाल-जगरगुंडा मार्ग में गोरगुंडा-पोलमपल्ली के मध्य डब्ल्यू ब्रीज के पास 05 किलोग्राम वजनी आईईडी प्लांट किया गया था, जिसे सुरक्षा बलों ने सूझबूझ से बरामद कर निष्क्रिय किया। इस घटना के बाद थाना पोलमपल्ली पुलिस ने अपराध क्रमांक 02/2025 धारा 61 बीएनएस व 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नक्सली गिरफ्तार, विस्फोटक सामग्री बरामद
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में 14 सदस्यीय पुलिस दल मोटरसाइकिल से अरलमपल्ली और आसपास के क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान जंगल नाला के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम मड़कम सुक्का पिता पोज्जा (आरपीसी मिलिशिया सदस्य), उम्र 30 वर्ष, निवासी अरलमपल्ली कुम्मोपारा, थाना पोलमपल्ली, जिला सुकमा बताया।
आरोपी ने डब्ल्यू ब्रीज पुल के पास आईईडी प्लांट करने की बात कबूल की। उसके कब्जे से 02 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 02 नग जिलेटिन रॉड, 05 मीटर कोर्डेक्स वायर और 05 मीटर बिजली वायर बरामद किया गया।
पहले से था वांछित, दो स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी
गिरफ्तार नक्सली मड़कम सुक्का के खिलाफ पहले से थाना पोलमपल्ली के दो मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था।
- अपराध क्रमांक 01/2019: धारा 147, 148, 149, 307 भादवि व 25, 27 आर्म्स एक्ट
- अपराध क्रमांक 01/2020: धारा 147, 148, 149, 307 भादवि, 25, 27 आर्म्स एक्ट व 3, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम
न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी को 01 फरवरी 2025 को विधिवत रूप से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जारी है नक्सल विरोधी अभियान
जिला सुकमा में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी है। पुलिस और सुरक्षाबल लगातार अभियान चलाकर नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।









