मनेंद्रगढ़।
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत चनवारीडांड ने एक नया इतिहास रच दिया है। यहां किन्नर सोनू उरांव ने सरपंच पद पर जीत हासिल कर एक मिसाल कायम की है। इस चुनाव में उन्होंने पूर्व सरपंच गौरी सिंह समेत अन्य प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया।
ग्राम पंचायत चनवारीडांड में सरपंच पद के लिए कुल 5 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें गौरी सिंह, सोनू सिंह उरांव, कलावती पैकरा, शशिकला और मंगलवती सिंह मरावी शामिल थे। इस पंचायत में 2,665 मतदाता थे, जिनमें से सोनू उरांव को 500 से अधिक वोट मिले और उन्होंने जीत दर्ज की।
सोनू उरांव की इस ऐतिहासिक जीत से उनके समर्थकों में खासा उत्साह है। लोग उन्हें बधाइयाँ दे रहे हैं, और पूरे क्षेत्र में इस चुनावी नतीजे की चर्चा हो रही है। अपनी जीत पर नवनिर्वाचित सरपंच सोनू उरांव ने जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि वे पंचायत के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगी।










