सुकमा।
छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम टेकलगुडेम में सुरक्षा बलों के अथक प्रयासों से BSNL द्वारा 4-G मोबाइल नेटवर्क की सुविधा प्रदान की गई है। यह कदम प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘‘नियद नेल्ला नार’’ योजना के तहत लिया गया है, जो सुरक्षा कैंपों के आस-पास ग्रामों में शत-प्रतिशत 4-G नेटवर्क कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से चल रही है।

सुरक्षा बलों के सहयोग से अब टेकलगुडेम, तिम्मापुरम, फुलसमपारा, जोनागुड़ा, अलीगुड़ा, बोरनगुड़ा और आस-पास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या का समाधान हो गया है। इससे ग्रामीणों के बीच खुशी का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने इस कदम का स्वागत करते हुए बताया कि अब उन्हें मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे ऑनलाइन शिक्षा और अन्य डिजिटल सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
सुकमा जिले में सुरक्षा बलों द्वारा पिछले एक साल में 30 स्थानों पर 4-G मोबाइल टॉवर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा बलों के जवानों और ग्रामीणों को 4-G नेटवर्क की सुविधा का लाभ मिल रहा है।
विशेष रूप से जिला पुलिस बल सुकमा और 150वीं वाहिनी सीआरपीएफ के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सुरक्षाबलों की लगातार मेहनत से जिले के शेष अंदरूनी क्षेत्रों में जियो के नवीन मोबाइल टॉवर की स्थापना का काम भी तेजी से प्रगति पर है।









