जशपुरनगर।
जशपुर नगरपालिका में भाजपा ने एक बार फिर अपना वर्चस्व कायम किया है। यशप्रताप सिंह जूदेव को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके निर्विरोध चुने जाने के बाद उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है।

यशप्रताप सिंह जूदेव, जो पूर्व राज्यसभा सांसद और जशपुर के राजा रणविजय प्रताप सिंह जूदेव के पुत्र हैं, पहले पार्षद चुने गए थे। इसके बाद, नगर पालिका परिषद के सभागार में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान, यशप्रताप सिंह जूदेव ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया, लेकिन उनके खिलाफ कोई भी अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरा। इस प्रकार, वे निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए।
यशप्रताप सिंह जूदेव ने निर्विरोध जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह मेरी नहीं, जशपुर की जनता की जीत है। मेरे पिताजी और मेरे परिवार ने हमेशा जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है, और मैं भी उन्हीं सिद्धांतों पर चलूंगा। मैं नगर के विकास और जनता की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा। इस भरोसे के लिए भाजपा नेतृत्व और जशपुर की जनता का आभार प्रकट करता हूँ।”
यशप्रताप के उपाध्यक्ष बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास की जीत बताया। इस जीत से यह साफ हो गया है कि जशपुर नगरपालिका में भाजपा का दबदबा बरकरार है। उनके नेतृत्व में नगर पालिका के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।









