महासमुंद।
भाजपा की सक्रिय सदस्य व किसान नेता अशवंत तुषार साहू ने सरकारी कार्यालयों में देर से पहुंचने वाले कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए विधानसभा अध्यक्ष मान. डॉ रमन सिंह को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने मांग की है कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर से कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि सरकारी अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके।
दफ्तर समय पर आने की अनिवार्यता पर ज़ोर
तुषार साहू ने अपने पत्र में लिखा है कि राज्य सरकार को कार्यालयीन अनुशासन सख्त करने की दिशा में एक ठोस कदम उठाना चाहिए। सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए यह अनिवार्य होना चाहिए कि वे सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहें।
आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली लागू करने की मांग
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यालय में समय पालन को सुनिश्चित करने के लिए आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली (Aadhaar-based Attendance System) को पूरी तरह लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सभी शासकीय/अशासकीय (नियमित, संविदा और दैनिक वेतनभोगी) अधिकारियों और कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होनी चाहिए।
मोबाइल फोन से उपस्थिति दर्ज करने का सुझाव
पत्र में यह भी सुझाव दिया गया है कि सभी कर्मचारियों को प्रतिदिन निर्धारित समय पर अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण द्वारा उपस्थिति एवं प्रस्थान दर्ज करना अनिवार्य होना चाहिए। यह कदम लोकहित में कार्यालयीन कार्यों के सुव्यवस्थित संचालन और शासन आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अत्यंत आवश्यक है।









