दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
शहर विधायक गजेन्द्र यादव के सतत प्रयासों से दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। नगरीय प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा हाल ही में 30.95 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग द्वारा 10.11 करोड़ रुपये की स्वीकृति विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रदान की गई है।
विकास कार्यों की मिली सौगात
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता अनिकेत यादव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग शहर के लोकप्रिय विधायक गजेन्द्र यादव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से दुर्ग शहर विकसित होने के अपने सपने को साकार करेगा।
यातायात होगा सुगम, शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
स्वीकृत राशि से शहर के मुख्य मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और आम जनता को आवागमन में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त, अत्याधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी सह राइडिंग जोन के निर्माण से आने वाले समय में युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में सुविधा मिलेगी।
खेल सुविधाओं का भी हुआ विस्तार
अनिकेत यादव ने नालंद परिसर में बैडमिंटन कोर्ट और खेल मैदान की स्वीकृति के लिए भी विधायक गजेन्द्र यादव का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि विधायक यादव के नेतृत्व में दुर्ग शहर का सर्वांगीण विकास हो रहा है, जिससे शहरवासियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।









