Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

रायपुर में अंधविश्वास का कहर— जादू-टोने के शक में युवक की हत्या

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


रायपुर।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे अभनपुर इलाके के छछानपैरी गांव में शनिवार रात अंधविश्वास के कारण एक भयानक वारदात हुई। जादू-टोना करने के शक में गांव के ही युवक संजय नेताम ने श्याम कुमार ध्रुव की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना मुजगहन थाना क्षेत्र की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रंजिश की आग में धधक रहा था गांव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छछानपैरी गांव निवासी संजय नेताम को पिछले कई महीनों से यह शक था कि श्याम कुमार ध्रुव उसके ऊपर जादू-टोना कर रहा है। इस अंधविश्वास के चलते दोनों के बीच कई बार तीखी बहस और विवाद हो चुका था। गांव वालों ने बताया कि यह आपसी रंजिश पिछले कुछ समय से चल रही थी। संजय का मानना था कि श्याम के तंत्र-मंत्र के कारण उसका स्वास्थ्य और किस्मत बिगड़ रही है।

चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

शनिवार की देर शाम इसी पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर से झगड़ा शुरू हुआ। बात जल्द ही मारपीट तक पहुंच गई। गुस्से में आकर संजय नेताम ने अपने पास रखे चाकू से श्याम कुमार ध्रुव पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से लहूलुहान श्याम को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संजय मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी को तुरंत दबोचा

मुजगहन पुलिस की टीम को जैसे ही सूचना मिली, वह घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात की गई छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी संजय नेताम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान संजय ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि वह श्याम के जादू-टोना के शक से मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय ने यह भी बताया कि श्याम ध्रुव अक्सर उसके सपनों में आकर उसे धमकाता था, जिससे वह भ्रम की स्थिति में था। घटनास्थल से खून से सना हुआ चाकू बरामद कर लिया गया है।

अदालत में पेश, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पुलिस ने आरोपी संजय नेताम को रविवार सुबह अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुजगहन थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि घटना का मुख्य कारण अंधविश्वास है। मृतक श्याम ध्रुव के परिजनों ने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है। गांव के लोगों ने बताया कि श्याम ध्रुव शांत स्वभाव का व्यक्ति था, जबकि संजय नेताम पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्थिर दिखाई दे रहा था। इस घटना के बाद छछानपैरी गांव में सन्नाटा पसरा है, जिसने ग्रामीण समाज में फैले अंधविश्वास के खतरों को फिर से सामने ला दिया है।

 

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow