Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

संभागायुक्त ने धान खरीदी केंद्रों का लिया जायजा, चेकपोस्ट से नदारद जवान को नोटिस थमाने के निर्देश

संभागायुक्त ने धान खरीदी केंद्रों का लिया जायजा, चेकपोस्ट से नदारद जवान को नोटिस थमाने के निर्देश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • झलखम्हरिया, सम्हर और पिथौरा केंद्रों में व्यवस्थाएं परखीं; अवैध धान रोकने सीमा पर सख्ती के निर्देश

महासमुंद.

खरीफ विपणन वर्ष के तहत चल रही धान खरीदी प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए रायपुर संभागायुक्त महादेव कावरे ने जिले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने झलखम्हरिया, सम्हर और पिथौरा स्थित धान उपार्जन केंद्रों का दौरा कर जमीनी हकीकत देखी। निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट पर ड्यूटी से गायब मिले एक जवान पर कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

सुविधाओं की पड़ताल और किसानों से संवाद

संभागायुक्त ने उपार्जन केंद्रों में बारदाने की उपलब्धता, मॉइस्चर मशीन (नमी मापक यंत्र), इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, सीसीटीवी कैमरे और कंप्यूटर ऑपरेटरों की व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पानी और बैठने की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। कावरे ने वहां मौजूद किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और फीडबैक लिया।

अफसरों को दो टूक: समस्याओं का हो तुरंत समाधान

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने मौके पर मौजूद अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम सचिन भूतड़ा और तहसीलदार को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि कोई समस्या सामने आती है, तो प्रशासनिक अधिकारी उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।

सरहद पर सख्ती, जवान पर गिरी गाज

धान खरीदी केंद्रों के बाद संभागायुक्त ने अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए राज्य सीमा पर बनाए गए टेमरी चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। वे यहां जांच व्यवस्था देखने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सैनिक अपने स्थान से नदारद मिला। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संभागायुक्त ने संबंधित सैनिक को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और कड़ी करने को कहा है ताकि दूसरे राज्यों से आने वाले अवैध धान को रोका जा सके।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow