Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

बस्तर ओलंपिक 2025: सीएम साय ने किया शुभारंभ, सुकमा के पूवर्ती और ओरछा के खिलाड़ियों ने थामी मशाल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • संभाग स्तरीय प्रतियोगिता शुरू

  • 3.92 लाख खिलाड़ि‍यों ने कराया पंजीयन, सुकमा के पूवर्ती और ओरछा के खिलाड़ियों ने थामी मशाल

जगदलपुर/रायपुर.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में संभाग स्तरीय ‘बस्तर ओलंपिक-2025’ का विधिवत शुभारंभ किया। हजारों दर्शकों और खिलाड़ियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार बस्तर के युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “आपका मुख्यमंत्री आपके समाज के बीच का है, आपका भाई है। आप आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर आपके साथ है।”

कार्यक्रम में बस्तर संभाग के सातों जिलों और ‘नुवाबाट’ के खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर शक्ति प्रदर्शन किया।

शांति और समृद्धि की ओर बस्तर

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन के प्रयासों से बस्तर अब शांति, समरसता और समृद्धि की ओर अग्रसर है। उन्होंने विशेष रूप से ‘नुवाबाट’ के प्रतिभागियों के शामिल होने को ऐतिहासिक बताया। सीएम ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बेटियों और बहनों की सहभागिता बस्तर में महिला सशक्तिकरण की नई दिशा को दर्शाती है। उन्होंने घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़, सिल्वर के लिए 2 करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल के लिए 1 करोड़ रुपए की सम्मान निधि दी जाएगी।

खेल हार से सीखकर आगे बढ़ना सिखाता है

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलंपिक युवाओं को विकास की मुख्यधारा में लाने का माध्यम है। यहां खेल अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा। वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे अंदरूनी इलाकों के युवाओं के लिए सकारात्मक प्रयास बताया। कार्यक्रम में बॉक्सर पद्मश्री एमसी मैरीकॉम और वन मंत्री केदार कश्यप ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

पंजीयन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी: 2.27 लाख महिला खिलाड़ी

खेल एवं युवा कल्याण संचालक तनुजा सलाम ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले वर्ष 1.65 लाख प्रतिभागियों की तुलना में इस वर्ष 3.92 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इसमें 2.27 लाख से अधिक महिला प्रतिभागी शामिल हैं, जो बस्तर में बदलाव का संकेत है। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में 3,500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

भावुक क्षण: माओवाद प्रभावित क्षेत्र के युवाओं ने थामी मशाल

उद्घाटन समारोह का सबसे खास पल मशाल प्रज्वलन रहा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रज्वलित मशाल को सुकमा जिले के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ‘पूवर्ती’ के कबड्डी खिलाड़ी विजय डोडी और नारायणपुर के ओरछा ब्लॉक की खो-खो खिलाड़ी सलोनी कवाची को सौंपा गया। इन दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों का हजारों दर्शकों के सामने दौड़ना दर्शकों के लिए एक भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण था।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow