-
दुर्ग ग्रामीण में पदयात्रा; दुकानों और घरों में जाकर लोगों को स्थानीय उत्पाद खरीदने के लिए किया प्रेरित
दुर्ग/अंडा (रोहितास सिंह भुवाल)
आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विधायक ललित चंद्राकर ने निकुम मंडल के ग्राम अंडा में पदयात्रा की। इस दौरान उन्होंने घर-घर संपर्क कर और स्थानीय दुकानदारों से मिलकर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।
दुकानदारों से किया सीधा संवाद
पदयात्रा के दौरान विधायक चंद्राकर ने ग्राम भ्रमण करते हुए स्थानीय बाजारों का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों में अधिक से अधिक भारत में निर्मित (स्वदेशी) वस्तुओं की बिक्री को प्राथमिकता दें। साथ ही, आम नागरिकों से भी दैनिक उपयोग में विदेशी वस्तुओं के बजाय स्वदेशी उत्पादों को चुनने का आह्वान किया, ताकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
90 दिनों का विशेष संपर्क अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति का रास्ता ‘आत्मनिर्भर भारत’ से होकर ही गुजरता है। उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा द्वारा देश भर में 90 दिनों का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वदेशी उत्पादों का समर्थन करने और उन्हें खरीदने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी कड़ी में उतई नगर पंचायत क्षेत्र में भी जनसंपर्क कर अभियान को गति दी गई।
इस जनसंपर्क अभियान में विधायक के साथ भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष मनोज सोनी, आत्मनिर्भर भारत प्रभारी गिरेश साहू, गायत्री वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष लिकेश्वर देशमुख, महामंत्री पुराण देशमुख, डिलेश साहू, जनपद सदस्य अजीत चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि मनोज चंद्राकर, बेला यादव, नूतन निर्मलकर, अजय चौहान, घनश्याम दिल्लीवार, सुरेश साहू, योगेंद्र दिल्लीवार, हेमलता देशमुख, लुकेश देवांगन, मुकेश चंद्राकर, भैया लाल साहू, ओम प्रकाश यादव, भूपेंद्र बेलचंदन, जगन्नाथ देवांगन, राकेश चंद्राकर, धर्मपाल पिपरिया एवं अशोक हरमुख सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।










